Saturday, July 16, 2011

भाजपा के युवाओं पर भारी पड़ा महिला मोर्चा


भाजपा संगठन के विभिन्न राष्ट्रीय मोर्चो में पार्टी के सबसे अग्रणी युवा मोर्चा पर पार्टी का महिला मोर्चा भारी पड़ा है। पार्टी नेतृत्व ने अपने सभी राष्ट्रीय मोर्चो, प्रकोष्ठ व अन्य संगठनों की समीक्षा बैठक में उनके साल भर के क्रियाकलापों तथा संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की है। युवा मोर्चे ने इस दौरान राष्ट्रीय एकता यात्रा का सफल कार्यक्रम तो किया, लेकिन अन्य मामलों में वह महिला मोर्चा से पिछड़ गया है। महिला मोर्चा कोई बड़ा कार्यक्रम तो नहीं कर सका, लेकिन फिर भी संगठन स्तर पर उसके काम को बेहतर माना गया है। भाजपा संगठन में उसका युवा मोर्चा मुख्य संगठन के बाद सबसे प्रभावी भूमिका में रहता है। इसलिए पार्टी नेतृत्व की सबसे कड़ी नजर उस पर रहती है। बीते एक साल में युवा मोर्चा ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में सबसे बड़ा कार्यक्रम कोलकाता से कश्मीर तक की एकता यात्रा का किया, जिसे भारी सफलता भी मिली। लेकिन संगठन स्तर पर वह कमजोर रहा। कई राज्यों में उसके संगठन प्रभावी कार्यक्रम नहीं कर सके। दूसरी तरफ स्मृति ईरानी की अध्यक्षता वाले महिला मोर्चा ने कोई बड़ा कार्यक्रम किए बगैर प्रदेश स्तर पर संगठनों को काफी सक्रिय रखा और कई छोटे-मझोले कार्यक्रम किए। अन्य मोर्चो में किसान मोर्चा समय-समय पर कार्यक्रम करता रहा, लेकिन भट्टा पारसौल जैसे बड़े मुद्दे पर वह अपनी पूरी ताकत नहीं दिखा सका। पार्टी के अन्य मोर्चो व प्रकोष्ठों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। गडकरी ने सभी मोर्चो व प्रकोष्ठों की सराहना की, लेकिन और बेहतर करने को कहा, ताकि मिशन 2014 के लिए वोटो में दस फीसदी की बढ़ोतरी का लक्ष्य हासिल कर सके।

No comments:

Post a Comment